विक्रांत हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कामयाबी, मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर गिरफ्तार; अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही दबोचा, हत्या में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद

Share the news

किच्छा। विक्रांत हत्याकांड के मुख्य आरोपी स्वदेश कुमार सिंह उर्फ बंटी ठाकुर को किच्छा पुलिस ने इलाज पूरा होने के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 7.65 एमएम की पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आयुध अधिनियम की धारा भी बढ़ा दी है। पुलिस के अनुसार मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

 

पुलिस के मुताबिक 26 जून को रुद्रपुर निवासी कंचन ने अपने पुत्र विक्रांत की हत्या के मामले में बंटी ठाकुर समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक किच्छा के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई लोगों से पूछताछ की।

 

जांच के दौरान मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन मिला। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली गई। इसके बाद मुकदमे में शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 भी जोड़ दी गई।

 

किच्छा पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *