बेटी के जन्म के कुछ देर बाद ही विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत, जानिए परिजनों ने क्यों लगाए दहेज हत्या के आरोप

रम्पुरा क्षेत्र में सोमवार रात एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, पूर्व में गर्भपात कराने और बेटी के जन्म के बाद कथित तौर पर हत्या करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अहमदनगर, थाना स्वार निवासी मंजीत कौर (25) की शादी करीब दो साल पहले रम्पुरा निवासी अमित सिंह से हुई थी, जो क्षेत्र में एक छोटी दुकान चलाता है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात घर में मंजीत कौर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। मंगलवार सुबह मृतका के भाई संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर मंजीत कौर को प्रताड़ित करते थे।

 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष लड़की होने के खिलाफ था और करीब एक साल पहले गर्भवती होने पर लिंग परीक्षण कराकर कथित तौर पर उसका गर्भपात करा दिया गया था।

 

मायके पक्ष का कहना है कि मंजीत कौर फिर से गर्भवती थीं और सोमवार रात अस्पताल में प्रसव कराने के बजाय घर में ही उनकी डिलीवरी कराई गई।

 

आरोप है कि बच्ची के जन्म के बाद कथित तौर पर मंजीत कौर की हत्या कर दी गई, जबकि नवजात बच्ची फिलहाल सुरक्षित बताई जा रही है।

 

सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में सभी पहलुओं और मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।