रुद्रपुर। सोशल मीडिया पर सिख समुदाय के खिलाफ कथित आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां करने के आरोप में सिख समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फेसबुक पर ‘आशीष नेगी यूकेडी’ नाम से संचालित अकाउंट के माध्यम से धार्मिक भावनाएं आहत करने और समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री प्रसारित की जा रही है।
पुलिस को दी गई तहरीर में प्रीतपाल सिंह और जोगिंदर सिंह ने बताया कि हाल ही में चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में पंजाब से आए निहंग सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद संबंधित फेसबुक अकाउंट से लगातार सिख समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो और टिप्पणियां साझा की जा रही हैं। आरोप है कि वीडियो में मामले को ‘सिख बनाम हिंदू’ और ‘सिख बनाम पहाड़ी’ का रूप देकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि सिख समुदाय को ‘खालिस्तानी’ कहकर संबोधित किया जा रहा है तथा वर्ष 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार का बार-बार उल्लेख कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा रही है। सिख समाज के पदाधिकारियों ने संबंधित वीडियो पेनड्राइव में सुरक्षित कर पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंप दिए हैं।
तहरीर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




