रुद्रपुर। सड़क पर दौड़ रही किसी दूसरे की बाइक का चालान कट रहा है और जुर्माना भरने के मैसेज असली वाहन स्वामी के मोबाइल पर पहुंच रहे हैं। फर्जी नंबर प्लेट का ऐसा मामला सामने आने से बाइक मालिक परेशान है। रामनगर निवासी देवव्रत चतुर्वेदी की होंडा साइन बाइक का नंबर किसी दूसरे व्यक्ति ने अपनी बाइक पर लगा रखा है। अब उसकी बाइक के नाम पर लगातार चालान कट रहे हैं।
देवव्रत के मुताबिक, उनके पास होंडा कंपनी की साइन बाइक संख्या यूके06 बीबी 0263 है। वह लंबे समय से इसी बाइक का इस्तेमाल कर रहे हैं। करीब एक माह पहले उनके मोबाइल पर पुलिस चालान का मैसेज आया। चालान की फोटो देखने पर पता चला कि जिस बाइक का चालान किया गया है, वह उनकी नहीं है, जबकि नंबर उनकी बाइक का दर्ज है। उन्होंने मामले में सीओ को शिकायती पत्र भी दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
हैरानी की बात यह है कि 18 नवंबर को उनके मोबाइल पर दो बार चालान कटने के मैसेज पहुंचे। इससे साफ हुआ कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी बाइक का नंबर इस्तेमाल कर रहा है। लगातार चालान के मैसेज से परेशान होकर देवव्रत कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर फर्जी नंबर प्लेट लगाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चल रही बाइक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
