– गतका के हैरतअंगेज करतब, पंजाबी संस्कृति की झांकियां और पंच प्यारों की अगुवाई बनी आकर्षण
रुद्रपुर: सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर रविवार को रुद्रपुर पूरी तरह गुरुमय हो गया। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा की ओर से शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें उमड़ी संगत ने गुरु की महिमा का गुणगान किया। ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयघोष से शहर की सड़कें गूंज उठीं। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया गया।
सुबह 11 बजे गुरु नानक पब्लिक स्कूल परिसर में संगत एकत्र हुई। दोपहर एक बजे नगर कीर्तन का शुभारंभ हुआ। सबसे आगे नगाड़ों की गूंज के बीच घुड़सवार चल रहे थे। उनके पीछे स्कूली बच्चों की टोलियां, शबद कीर्तन करती संगत और बाल स्वरूप में सजे पंच प्यारे चल रहे थे। स्वर्ण मंदिर और नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारे के स्वरूप सहित पंजाबी संस्कृति की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। गतका पार्टी के योद्धाओं ने पारंपरिक युद्ध कला के हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित किया। महिला और पुरुष संगत सड़क पर झाड़ू लगाकर सेवा करती नजर आई।
नगर कीर्तन के स्वागत में राजनीतिक दलों के नेता भी पहुंचे। नगर निगम के सामने महापौर विकास शर्मा, मुख्य बाजार में विधायक शिव अरोरा और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भगत सिंह चौक पर विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, प्रीत ग्रोवर और पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा समेत कई नेताओं ने संगत का अभिनंदन किया।
प्रकाश पर्व पर नैनीताल हाईवे, अग्रसेन चौक, मुख्य बाजार और काशीपुर बाईपास समेत प्रमुख मार्गों पर आकर्षक तोरण द्वार बनाए गए थे। वहीं, नगर कीर्तन में शामिल स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण, नशामुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और जल संरक्षण का संदेश दिया।
नगर कीर्तन गुरु नानक पब्लिक स्कूल से काशीपुर बाईपास, भगत सिंह चौक, गल्ला मंडी, काशीपुर हाईवे, डीडी चौक, अग्रसेन चौक, बाटा चौक और मुख्य बाजार होते हुए गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा पहुंचकर संपन्न हुआ। नगर कीर्तन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए काशीपुर बाईपास पर सुबह 10 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहा। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा।
