रुद्रपुर। बंगाली समाज की लंबित मांगों को लेकर बंगाली कल्याण समिति के बैनर तले समाज के लोगों ने विधायक शिव अरोरा के आवास का घेराव कर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने बंग भवन निर्माण, सरकारी स्कूलों में बंगाली भाषा की पढ़ाई और बच्चों को छात्रवृत्ति देने की मांग उठाई। सूचना पर विधायक स्वयं धरनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के बीच बैठकर उनकी बात सुनी। इस दौरान उन्होंने सरकार स्तर पर चल रही कार्यवाही की जानकारी देते हुए मांगों के समाधान का भरोसा दिया।
विधायक ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले भी समाज के प्रतिनिधियों ने रामलीला मैदान के बाहर धरना दिया था। उस समय उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने तीनों मांगें रखने का आश्वासन दिया था। बंग भवन निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री ने सचिव आवास को भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव आगामी कैबिनेट में रखने के निर्देश दिए हैं। सचिव आवास आर. राजेश की ओर से प्रस्ताव न्याय विभाग को भेजा गया है।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बंगाली समाज को वचन देते हैं कि आचार संहिता लागू होने से पहले बंग भवन का टेंडर जारी करवाने के साथ भूमि पूजन भी कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बंग भवन का निर्माण उनका वादा है।
उन्होंने बताया कि बंगाली बहुल क्षेत्रों के इंटर कॉलेजों में बंगाली भाषा के शिक्षकों के पद सृजित करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई है। वहीं, बंगाली समाज के बच्चों को छात्रवृत्ति देने का मामला भी सरकार के स्तर पर प्रक्रियाधीन है। विधायक के अनुसार हरिचांद-गुरुचांद स्मृति छात्रवृत्ति कोष की राशि बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करने की व्यवस्था की गई है। इसका लाभ इसी शैक्षणिक सत्र से मिलना शुरू होगा।
धरने में बंगाली कल्याण समिति के अध्यक्ष दिलीप अधिकारी, संजय आइस, अर्जुन विश्वास, कार्तिक, मानस बैरागी समेत समाज के अनेक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
