रुद्रपुर। साइबर ठगों ने बैंकिंग सुरक्षा को धता बताते हुए हल्द्वानी के एक सेवानिवृत्त शिक्षक के खाते पर ऐसा वार किया कि छह ट्रांजेक्शन में 23.50 लाख रुपये साफ हो गए। ठगी का जाल फेसबुक पर जीवन प्रमाणपत्र बनाने के विज्ञापन से बुना गया। खुद को बैंक ऑफ इंडिया का कर्मचारी बताकर ठग ने शिक्षक से संपर्क किया और व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल में इंस्टॉल करा दी। इसके बाद खाते से लाखों रुपये पार कर दिए गए।
कुसुमखेड़ा निवासी दीवान सिंह गड़िया शिक्षा विभाग से वर्ष 2020 में सेवानिवृत्त हुए थे। उनके अनुसार, 13 नवंबर को फेसबुक पर बैंक ऑफ इंडिया का ऑनलाइन जीवन प्रमाणपत्र बनाने का विज्ञापन दिखाई दिया। लिंक खोलने के कुछ देर बाद एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को बैंक की मुंबई स्थित मुख्य शाखा का कर्मचारी दीपक कुमार शर्मा बताया। उसने अगले दिन प्रमाणपत्र बनवाने का भरोसा दिया।
14 नवंबर को दोबारा फोन और व्हाट्सएप कॉल कर बैंक संबंधी फाइल भेजने की बात कही। ठग के झांसे में आकर शिक्षक ने एपीके फाइल डाउनलोड कर ली। इसके बाद उनके खाते से छह बार में 23.50 लाख रुपये निकाल लिए गए। इसी दौरान खाते में 50 हजार रुपये का संदिग्ध एनईएफटी भी आया। पीड़ित ने 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
