हाईवे पर गोलियों की गूंज: ट्रक चालक पर जानलेवा हमला, बाइक सवार महिला को लगी गोली; पांच हमलावरों पर केस

Share the news

किच्छा। पुलभट्टा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात पुरानी रंजिश के चलते एनएच-74 पर फिल्मी अंदाज में चली ताबड़तोड़ गोलियों से अफरा-तफरी मच गई। कार सवार हमलावरों ने चलते ट्रक के चालक का कई किलोमीटर तक पीछा करते हुए फायरिंग की। इस दौरान बाइक से पति के साथ जा रही एक महिला गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने पीड़ित चालक की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

ग्राम दोपहरिया निवासी जगजीत सिंह पुत्र भूपेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे अशोक लीलैंड की चेसिस लेकर खालापुर, पनवेल (मुंबई) के लिए रवाना हुआ था। आरोप है कि गांव के बाहर पहले से दो कारों में सवार पांच लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया और जान से मारने की नीयत से कई राउंड फायरिंग कर दी। वह किसी तरह ट्रक लेकर मौके से निकल गया, लेकिन आरोपी लगातार उसका पीछा करते रहे।

 

पीड़ित के अनुसार सिरौलीकला चौराहा, खालसा ढाबा और गौला पुल के पास भी हमलावरों ने चलते ट्रक पर लगातार गोलियां चलाईं, जिससे हाईवे पर दहशत का माहौल बन गया। इसी दौरान बाइक से गुजर रही साहिस्ता बी पत्नी इशरार निवासी बल्लिया मुड़िया, जनपद पीलीभीत, गोली लगने से घायल हो गई।

 

घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरदार वल्लभभाई पटेल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

 

पुलभट्टा थाना प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि पीड़ित चालक की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *