मॉर्निंग वॉक पर निकले राइस मिल व्यवसायी सतीश खुराना का नाले में मिला शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप, परिजनों ने जताया शक, पुलिस फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी खंगालने में जुटी।

Share the news

किच्छा (ऊधम सिंह नगर)। किच्छा के चर्चित राइस मिल व्यवसायी सतीश खुराना का शव बरेली रोड स्थित एक नाले में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने उनकी हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सतीश खुराना रोज की तरह बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उनकी तलाश की और रिश्तेदारों व परिचितों से संपर्क किया। कोई जानकारी नहीं मिलने पर किच्छा कोतवाली में उनकी गुमशुदगी की सूचना दी गई।

इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम (112) पर सूचना मिली कि बरेली रोड पर एक नाले में व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो उसकी मौत हो चुकी थी। शव की पहचान सतीश खुराना के रूप में होने पर परिजनों को सूचना दी गई।

घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। उनका कहना है कि सतीश पूरी तरह स्वस्थ थे और रोजाना की तरह टहलने निकले थे। ऐसे में उनका शव नाले में मिलना कई सवाल खड़े करता है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से पहले की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

किच्छा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *