NEET अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी! उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, परीक्षा देने जाने वाले छात्रों को रोडवेज बसों में मिलेगा मुफ्त सफर, एडमिट कार्ड दिखाकर कर सकेंगे यात्रा

Share the news

देहरादून। NEET (UG)-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए उत्तराखंड सरकार ने बड़ी राहत की घोषणा की है। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और वापस लौटने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी।

 

इस संबंध में परिवहन विभाग ने सभी मंडलीय और सहायक महाप्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। शासन के आदेश के अनुसार, परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड और पहचान पत्र दिखाकर उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।

 

जारी निर्देशों के मुताबिक अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान अपना वैध प्रवेश पत्र और पहचान पत्र साथ रखना होगा। परीक्षा केंद्र तक जाने और परीक्षा समाप्ति के बाद वापस आने की सुविधा निर्धारित अवधि तक उपलब्ध रहेगी। परिवहन निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

 

सरकार के इस फैसले से राज्य के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों से परीक्षा देने आने वाले हजारों छात्रों को आर्थिक राहत मिलेगी। साथ ही समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भी सुविधा होगी।

 

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शासन के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सभी डिपो और बस अड्डों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थियों से भी अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अपने दस्तावेज साथ रखें और नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *