रुद्रपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जसपुर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 720 नशीले ट्रामाडोल कैप्सूल और 7.88 ग्राम स्मैक बरामद करने के साथ तस्करी में प्रयुक्त दो बाइक भी कब्जे में ली हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पहली कार्रवाई 18 सितंबर की रात सूतमिल चौकी पुलिस ने कासमपुर-शरीफ नगर रोड पर चेकिंग के दौरान की। पुलिस ने बाइक संख्या यूके18सी-0029 को रोककर तलाशी ली तो उसमें 720 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने मौके से मोहम्मद गुलशेर (26) निवासी शरीफ नगर, कुआंखेड़ा, थाना ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ जसपुर कोतवाली में धारा 8/22/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में बाजार चौकी पुलिस ने कलियांवाला से तहसील रोड के पास चेकिंग के दौरान बाइक संख्या यूके06एए-1970 सवार शहजाद हुसैन (30) निवासी मोहल्ला पट्टी चौहान, जसपुर को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 7.88 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने बाइक भी कब्जे में ले ली। आरोपी के खिलाफ धारा 8/22/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजेश पांडेय समेत उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, प्रियांशु जोशी और पुलिसकर्मी शामिल रहे।
