रुद्रपुर। सितारगंज से 14 वर्षीय नाबालिग के लापता होने के बाद पुलिस की तलाश दिल्ली से होती हुई केरल तक पहुंच गई। अलग-अलग राज्यों में बार्बर का काम करने वाले आरोपी केरल में छिपा मिला। सितारगंज पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से पालक्काड जिले के चालिस्सेरी थाना क्षेत्र से आरोपी आफताब को गिरफ्तार कर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने नाबालिग को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को सितारगंज क्षेत्र निवासी महिला ने अपनी 14 वर्षीय बेटी के लापता होने की सूचना दी थी। तहरीर के आधार पर कोतवाली सितारगंज में मुकदमा दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीम को नाबालिग की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के अलग-अलग राज्यों में नाई/बार्बर का काम करने की जानकारी मिली। इसके बाद दिल्ली समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश और तलाश की गई। इसी बीच पुलिस को पता चला कि आरोपी पूर्व में केरल में बार्बर का काम कर चुका है और संभव है कि वह वहीं मौजूद हो।
सूचना पर सितारगंज पुलिस टीम केरल पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से तलाश शुरू की। लगातार सुरागरसी के बाद चालिस्सेरी थाना क्षेत्र में आरोपी आफताब पुत्र अलकाब हुसैन, निवासी कुँवरपुर सिसैया, सितारगंज, उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से नाबालिग को सकुशल बरामद किया गया।
विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धाराएं 137(2), 87(1), 65(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 5/6 की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
