मर्डर केस में बड़ा खुलासा: हत्या से पहले अलवर में दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली/अलवर। दिल्ली के अमर कॉलोनी में आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के सनसनीखेज मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल ने दिल्ली में हत्या की वारदात को अंजाम देने से कुछ घंटे पहले राजस्थान के अलवर जिले में एक शादीशुदा महिला के साथ दुष्कर्म किया था। इस संबंध में राजगढ़ थाने में पीड़िता के पति की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी अलवर में वारदात के बाद सीधे दिल्ली पहुंचा और यहां अमर कॉलोनी स्थित घर में घुसकर युवती की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले उस घर में काम कर चुका था, जिससे उसे सुरक्षा व्यवस्था और पासकोड की जानकारी थी। घटना के समय युवती के माता-पिता घर पर नहीं थे। आरोपी ने मोबाइल चार्जिंग केबल से गला दबाकर हत्या की और बाद में घर में लूटपाट भी की।
वारदात के बाद आरोपी ने खून से सने कपड़े बदलकर फरार होने की कोशिश की, लेकिन दिल्ली पुलिस की टीमों ने उसे द्वारका इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑनलाइन गेमिंग की लत के चलते कर्ज में डूबा हुआ था, जो अपराध की एक संभावित वजह मानी जा रही है।
वहीं, अलवर में दुष्कर्म पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दिल्ली और अलवर पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को जोड़कर गहन जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।




