घर में बंद था स्टोर रूम, दरवाजा खुलते ही उड़ गए होश! 27 वर्षीय विवाहिता फंदे से लटकी मिली, डेढ़ साल की मासूम बेटी से हमेशा के लिए छूटा मां का साथ

Share the news

पंतनगर। नगला क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता का शव घर के स्टोर रूम में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रुद्रपुर भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

 

जानकारी के अनुसार बिहार की मूल निवासी काजल (27) पत्नी पवन कुमार अपने ससुराल वालों के साथ नगला में किराए के मकान में रहती थी। उसके पति पवन कुमार पंतनगर विश्वविद्यालय के सामान्य खंड में संविदा पर जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच पवन अपने माता-पिता के साथ बाहर गए हुए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद थे।

 

कुछ देर बाद परिजनों ने काजल को आवाज लगाई, लेकिन उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। तलाश करने पर स्टोर रूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोला गया तो काजल लाल रंग की रस्सी के सहारे एग्जॉस्ट फैन से लटकी हुई मिली। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

 

परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। स्टोर रूम की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी है।

 

बताया जा रहा है कि काजल की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उसकी डेढ़ साल की एक बेटी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल फांसी लगाने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *