ब्लैकमेलिंग और धमकियों से परेशान महिला ने खाया जहर, महिला का आरोप- शादी का झांसा देकर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, लगातार दी जा रही धमकियां

तीन साल के बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी लगाया आरोप

 

रुद्रपुर। सामिया लेक सिटी निवासी एक महिला ने कथित ब्लैकमेलिंग, मानसिक उत्पीड़न और धमकियों से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पड़ोसियों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला का उपचार चल रहा है। महिला ने एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देने, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लगातार धमकियां दिलवाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

महिला के अनुसार, संबंधित व्यक्ति रुद्रपुर के छीर गोटिया क्षेत्र में रहता है। उसने शादी करने और उसके तीन वर्षीय बच्चे को अपना नाम देने का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में शादी नहीं की। महिला का आरोप है कि इसी दौरान उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया गया और बाद में उसी के जरिये उसे मानसिक रूप से परेशान व ब्लैकमेल किया जाने लगा।

 

महिला ने आरोप लगाया कि उसे फोन पर धमकियां दी जाती हैं और लोगों के माध्यम से गाली-गलौज कराई जाती है। घर से बाहर निकलने पर रास्ते में रोककर उसके बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। महिला का यह भी कहना है कि उसके मोबाइल में लोकेशन ट्रैकर सक्रिय कर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। उसने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की तो वहां उसकी लोकेशन बंद कराई गई। इसके बाद एक काले रंग की कार से पीछा किए जाने का भी आरोप लगाया।

 

महिला ने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव से वह बुरी तरह टूट गई थी। इसी परेशानी में उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। अस्पताल में पहुंची पुलिस ने महिला का हाल जाना। महिला के अनुसार, पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है। हालांकि, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर से जांच की जा रही है।