चीमा अस्पताल में महिला की मौत पर उठे सवाल, स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर जांच तेज, चार सदस्यीय समिति खंगालेगी ऑपरेशन से दिल्ली तक इलाज की पूरी कहानी

रुद्रपुर। ग्राम रायपुर निवासी बलजीत कौर की चीमा हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। समिति को 15 दिन के भीतर साक्ष्यों के साथ तथ्यात्मक रिपोर्ट और स्पष्ट संस्तुति देने के निर्देश दिए गए हैं।

बलजीत कौर के बेटे सुखचैन सिंह ने 15 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री को शिकायती पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। शिकायत के अनुसार, बलजीत कौर को सामान्य स्त्री रोग संबंधी समस्या के उपचार के लिए चीमा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद उनकी हालत बिगड़ गई और अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव समेत अन्य गंभीर जटिलताएं सामने आईं। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें दिल्ली ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने उपचार के दौरान किए गए ऑपरेशन, चिकित्सकीय निर्णय, अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और मरीज की गंभीर स्थिति की जानकारी समय पर दिए जाने को लेकर सवाल उठाए थे। शिकायत के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने मामले की जांच के निर्देश दिए।

सीएमओ ने एसीएमओ डॉ. डीपी सिंह की अध्यक्षता में समिति गठित की है। इसमें एसीएमओ डॉ. एसपी सिंह, फिजीशियन डॉ. एसए अब्बास और सर्जन डॉ. निशिकान्त पाण्डे को सदस्य बनाया गया है। समिति शिकायत से जुड़े दस्तावेज और चिकित्सकीय साक्ष्यों की जांच करेगी। साथ ही शिकायतकर्ता और संबंधित पक्षों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही उपचार में किसी तरह की लापरवाही या अन्य तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।