रुद्रपुर। नगर पालिका परिषद किच्छा और नगर पालिका परिषद सिरौलीकलां में निकाय चुनाव के मतदान को लेकर प्रशासन ने 22 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की ओर से जारी आदेश के मुताबिक दोनों निकायों में अध्यक्ष और सदस्यों के निर्वाचन के लिए मंगलवार को मतदान कराया जाएगा।
मतदान के दिन निर्वाचन क्षेत्र के सभी शासकीय और अशासकीय कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान, वाणिज्यिक प्रतिष्ठान और अर्धशासकीय निकाय बंद रहेंगे। प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था लागू की है।
आदेश में निर्वाचन क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों, कारीगरों और मजदूरों को मतदान के लिए सवेतन अवकाश देने के निर्देश भी दिए गए हैं। यानी मतदान करने के लिए उन्हें काम से छुट्टी लेने पर वेतन का नुकसान नहीं होगा।
इसके अलावा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी कोषागार और उपकोषागार भी 22 सितंबर को बंद रहेंगे। प्रशासन ने संबंधित विभागों और प्रतिष्ठानों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मतदाताओं से मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई है।
