रुद्रपुर। दोस्तों के साथ गोवा घूमने निकले 35 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। अमरदीप कॉलोनी-भूरारानी रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार रात युवक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। वहीं, ट्रेन में युवक के अचानक नीचे गिरने की घटना ने हादसे की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
डायल-112 पर रात करीब 10:38 बजे सूचना मिली कि रेलवे क्रॉसिंग के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। आदर्श कॉलोनी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तो रेलवे पटरी के पास युवक का शव पड़ा था। शरीर से काफी खून निकल रहा था। पास ही टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला, जिसमें दो सिम लगे थे। पुलिस ने सिम के आधार पर परिजनों से संपर्क किया।
मृतक की पहचान दीपक नैनवाल पुत्र नंद किशोर, निवासी गढ़ बागेश्वर, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई। बताया गया कि दीपक अपने दोस्तों रोहित कठायत, कैलाश और आनंद के साथ गोवा जाने के लिए निकला था।
पुलिस ने रोहित से संपर्क किया तो उसने बताया कि सभी ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े थे। इसी दौरान अचानक दीपक नीचे गिर गया और सभी घबरा गए। दोस्तों के अनुसार वे मुरादाबाद पहुंच चुके थे और वापस लौट रहे थे। इधर, पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों के साथ ही दोस्तों के बयानों की भी जांच कर रही है, ताकि साफ हो सके कि ट्रेन से दीपक के गिरने से पहले आखिर हुआ क्या था।

