रुद्रपुर। कैंची धाम जाने की उम्मीद लेकर निकले दो युवकों का सफर सिडकुल चौक पर हुए सड़क हादसे के बाद मातम में बदल गया। सड़क पर अचानक आए गोवंश से बाइक टकराने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका 22 वर्षीय मौसेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार बलिया निवासी विक्की खैरवाल दिल्ली में रहकर पेंट का काम करता था। वह अपने मौसेरे भाई राहुल के साथ कैंची धाम जाने के लिए 12 सितंबर को दिल्ली से निकला था। बताया गया कि यात्रा के दौरान बाइक पहले उसका दोस्त चला रहा था, लेकिन बाद में विक्की ने बाइक संभाल ली। 13 सितंबर को सिडकुल चौक के पास अचानक सड़क पर गोवंश आ जाने से बाइक उससे टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में विक्की की हालत ज्यादा गंभीर थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि राहुल को गंभीर चोटें आने पर दिल्ली रेफर किया गया। विक्की के पिता बृजेश की करीब दो-तीन वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। युवक की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस सफर में मंदिर के दर्शन की आस थी, वही परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया।

