सड़क हादसे में कांग्रेस नगर उपाध्यक्ष की मौत, तीन घायल, बाइक और स्कूटी की सांवल्दे के पास हुई भिड़ंत, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

रुद्रपुर। रामनगर के ग्राम सांवल्दे के पास सोमवार रात बाइक और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत में कांग्रेस के नगर उपाध्यक्ष दीपक मसी (50) की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दीपक मसी को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

 

जानकारी के अनुसार, बंबाघेर निवासी दीपक मसी पुत्र राम भरोसे रामनगर कांग्रेस कमेटी में नगर उपाध्यक्ष थे। सोमवार रात वह बाइक से ग्राम सांवल्दे से रामनगर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कानिया निवासी दीपक आर्य के साथ स्कूटी पर सवार दिव्या और पूजा की बाइक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों पर सवार चारों लोग घायल हो गए।

 

हादसे के बाद घायलों को तत्काल रामनगर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने दीपक मसी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दीपक आर्य, दिव्या और पूजा को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

 

कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। दीपक मसी के परिवार में एक बेटी है। उनकी मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक है।