रुद्रपुर। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से दो लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एजेंट ने विजिटर वीजा को एडिट कर वर्क वीजा जैसा बनाया और युवक को दुबई भेज दिया। वहां पहुंचने पर वीजा की हकीकत सामने आई तो युवक को न केवल नौकरी से हाथ धोना पड़ा, बल्कि जुर्माना भी भरना पड़ा। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
वार्ड 21 निवासी मुजाहिद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि प्रीत विहार निवासी अलीन खान का आवास विकास में जेड ग्लोबल के नाम से कार्यालय है। अलीन ने उसे दुबई में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट पर भेजने का भरोसा दिया था। उसकी बातों में आकर उसने अपनी बाइक और जेवर तक बेच दिए और दो लाख रुपये दे दिए।
आरोप है कि अलीन ने विजिटर वीजा को एडिट कर वर्क वीजा जैसा बनाया और उसे दुबई भेज दिया। वहां पहुंचने पर पता चला कि वीजा वर्क नहीं, बल्कि विजिटर श्रेणी का है। इसके बाद उसे कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा और जुर्माना भी भरना पड़ा। काफी मुश्किलों के बाद वह भारत लौट सका।
मुजाहिद के मुताबिक, वापस लौटने पर रकम मांगी तो आरोपी ने 30 हजार रुपये ही वापस किए। शेष 1.70 लाख रुपये देने से इन्कार कर दिया। रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
