चमोली। बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर रविवार को जोशीमठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पांच यात्री कर्नाटक के बेंगलुरु निवासी थे, जबकि पायलट दिल्ली का रहने वाला था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग में हड़कंप मच गया। राहत एवं बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर ने दोपहर 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। उस समय क्षेत्र में बर्फबारी हो रही थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। कुछ देर बाद हाथी पर्वत क्षेत्र में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। चाई गांव के पास मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी पर हेलीकॉप्टर का मलबा मिला।
सेना की ओर से सबसे पहले जिला प्रशासन को हादसे की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। यूकाडा के कर्मचारियों ने भी हेलीकॉप्टर की लोकेशन की जानकारी साझा की। शुरुआती सूचना में क्रैश लैंडिंग की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में हादसे में सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निगरानी करने और घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। वहीं, पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने छह लोगों की मौत की पुष्टि की।
