आठ माह के गर्भ में बच्ची की मौत, उपचार के दौरान मां ने भी तोड़ा दम, परिजनों ने पति पर मारपीट और अवैध संबंधों के विरोध में प्रताड़ित करने का लगाया आरोप, तहरीर देने के बाद भी नहीं थमा विवाद

रुद्रपुर। बाजपुर क्षेत्र के थापा नगला बेरिया में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ने के बाद मुरादाबाद के अस्पताल में मौत हो गई। इससे पहले उसके गर्भ में पल रही आठ माह की बच्ची की भी मौत हो चुकी थी। महिला की मौत के बाद मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

 

थापा नगला बेरिया निवासी 30 वर्षीय कमलजीत कौर का विवाह करीब छह वर्ष पहले गूलरभोज के रोशनपुर निवासी गुरमीत सिंह से हुआ था। परिजनों के अनुसार कमलजीत आठ माह की गर्भवती थी। करीब पांच दिन पहले उसके गर्भ में पल रही बच्ची की मौत हो गई। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए मुरादाबाद ले गए, जहां अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

 

परिजनों का कहना है कि रक्षाबंधन पर कमलजीत मायके आई थी। उसने परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाया और अगले दिन ससुराल चली गई। आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। अवैध संबंधों का विरोध करने पर भी उसे प्रताड़ित किया जाता था। मामले को लेकर परिजनों ने चौकी में तहरीर भी दी थी।

 

परिजनों के मुताबिक महिला की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग शव परिजनों को सौंपकर वहां से चले गए। इसके बाद से वे फरार बताए जा रहे हैं। कमलजीत के पीछे तीन और चार वर्ष के दो छोटे बच्चे हैं। महिला की मौत से दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Advertisement