एसएसपी सख्त: पुलिसिंग में लापरवाही पर थानेदारों की तय होगी जवाबदेही, मासिक अपराध गोष्ठी में अपराध नियंत्रण से लेकर यातायात व्यवस्था तक की समीक्षा, आठ पुलिसकर्मी सम्मानित

रुद्रपुर। जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग में लापरवाही अब थाना प्रभारियों पर भारी पड़ सकती है। एसएसपी अजय गणपति ने मासिक अपराध गोष्ठी में थाना और चौकी प्रभारियों के साथ सर्किल अधिकारियों की भी जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, गश्त और जनशिकायतों के निस्तारण में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित गोष्ठी में एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं, वारंटों, महिला एवं बाल अपराधों और नशा तस्करी की समीक्षा की। उन्होंने वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी और विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजारों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने, संदिग्धों की चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा को लेकर बिना रिफ्लेक्टर वाले वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने को कहा। रात में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए रिफ्लेक्टर जैकेट पहनना अनिवार्य किया। दुर्घटना संभावित और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी लगाने के साथ पुराने कैमरों की 24 घंटे निगरानी के निर्देश भी दिए।

बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, नशे में वाहन चलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले आठ पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि लापरवाही बरतने वालों को कार्यशैली सुधारने की हिदायत दी गई।