रुद्रपुर। भाजपा में विधायक शिव अरोरा और मेयर विकास शर्मा के बीच मतभेदों की चर्चाएं एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में गर्म हैं। जिला भाजपा कार्यालय में आगामी तीन नवंबर को प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में दोनों नेताओं के बीच कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर तनातनी होने की चर्चाएं सामने आई हैं। हालांकि, दोनों नेताओं ने बैठक में किसी तरह की बहस या नोकझोंक होने से इनकार किया है।
दरअसल, तीन नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ‘अराजकता हटाओ, संविधान बचाओ’ रैली प्रस्तावित है। इसकी तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल और दर्जा राज्यमंत्री रामपाल सिंह व सुरेश कोली की मौजूदगी में बैठक हुई थी। बताया जा रहा है कि बैठक में मेयर विकास शर्मा ने रैली का शुभारंभ और समापन गांधी पार्क में कराने का सुझाव दिया। वहीं, विधायक शिव अरोरा ने शुभारंभ गांधी पार्क से और समापन गल्ला मंडी में कराने की बात रखी। इसी को लेकर दोनों नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक होने की चर्चा है।
पहले भी सामने आ चुके हैं मतभेद
विधायक और मेयर के बीच मतभेदों की चर्चाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इससे पूर्व नगर निगम के एक कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा की मौजूदगी में भी दोनों नेताओं के बीच तल्खी की चर्चाएं हुई थीं। बाद में प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी में दोनों के बीच सुलह कराकर पार्टी में एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की गई थी।
नेताओं ने किया इनकार
जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं विधायक शिव अरोरा ने बैठक में किसी तरह की बहस होने से इनकार करते हुए कहा कि मामले को बेवजह तूल नहीं दिया जाना चाहिए।
