रुद्रपुर। सिरौली कलां नगर पालिका परिषद के चुनाव को लेकर आखिरकार तस्वीर साफ हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड ने सिरौली कलां के अध्यक्ष और सभासदों के निर्वाचन का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग की अधिसूचना के बाद क्षेत्र में चुनावी हलचल तेज हो गई है। अब संभावित प्रत्याशियों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 10 और 11 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 12 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। प्रत्याशी 13 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। वहीं 14 सितंबर को सुबह 10 बजे से चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।
चुनावी प्रक्रिया का सबसे अहम दिन 22 सितंबर होगा। इस दिन सिरौली कलां नगर पालिका परिषद के लिए सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 24 सितंबर को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
आयोग ने जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी को संबंधित निकाय के पदों और स्थानों का पूरा विवरण जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसमें प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का आरक्षण भी शामिल रहेगा। यह सूचना 8 सितंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद स्थानीय स्तर पर चुनाव कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि चुनाव प्रक्रिया नैनीताल हाईकोर्ट में विचाराधीन संबंधित रिट याचिकाओं में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी। आयोग के कार्यक्रम के सामने आते ही सिरौली कलां में सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। अध्यक्ष पद से लेकर वार्डों में सभासद पद के संभावित दावेदार सक्रिय हो गए हैं। अब नामांकन शुरू होते ही चुनावी मैदान में उतरने वाले चेहरों की तस्वीर भी साफ होने लगेगी।
