रुद्रपुर। कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला को होटल ले जाने और वहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सितारगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सितारगंज क्षेत्र निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि आरोपी वेद राय, निवासी टाइगर नगर, शक्तिफार्म, ने उसे कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इसी बहाने वह उसे बहला-फुसलाकर रुद्रपुर के एक होटल में ले गया। वहां आरोपी ने महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद महिला की स्थिति का फायदा उठाते हुए उसके साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने घटना का वीडियो भी बनाया और किसी को बताने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नीलम मेहरा को सौंपी गई है। पुलिस अब पीड़िता के बयान, होटल से जुड़े तथ्यों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
