रुद्रपुर। पुलभट्टा थाना क्षेत्र के सिरौली कलां में अवैध पशु कटान के खिलाफ पुलिस ने सोमवार सुबह कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को गांव में अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से पशु कटान करते हुए पकड़ा गया। मौके से करीब छह कुंतल मांस जब्त किया गया, जबकि चार पशुओं को मुक्त कराया गया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध पशु कटान के मामले को लेकर हलचल मच गई।
पुलिस के अनुसार, सिरौली कलां में बीते दिनों से अवैध पशु कटान की शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और सीओ सितारगंज के निर्देशन में पुलभट्टा थाना पुलिस की दो टीमें गठित की गईं। दोनों टीमों ने सोमवार सुबह गांव में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सिरौली कलां निवासी नईम उर्फ मुन्ना, रशीद, कलुवा, सलमान, अशरफ कुरैशी, सलील अहमद और कासिम शामिल हैं। इनके अलावा बरेली जिले के बहेड़ी निवासी मुजिम, देवरनिया क्षेत्र निवासी साहिद और किच्छा के कुरैशी मोहल्ला निवासी फईम को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब छह कुंतल मांस जब्त किया है। इसके साथ ही चार पशुओं को भी मुक्त कराया गया। पुलभट्टा थाने में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
