रुद्रपुर। अपनों के सहारे की उम्र में एक बुजुर्ग महिला को रोडवेज बस में अकेला छोड़ दिया गया। महिला को दिल्ली भेजने की बात कहकर दो युवक बस में बैठाकर रास्ते में उतर गए। महिला के साथ कोई परिजन नहीं था। परेशान हालत में महिला को रोडवेज परिचालक कोतवाली रुद्रपुर लेकर पहुंचा। पुलिस अब महिला के परिजनों की तलाश में जुटी है।
महिला के पास मिले आधार कार्ड के अनुसार उनकी पहचान जगतारिणी देवी पत्नी बुद्धिलाल सिंह शर्मा के रूप में हुई है। आधार कार्ड में उनका पता ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के फुलसुंगी, वार्ड नंबर एक दर्ज है। महिला मूल रूप से बिहार की रहने वाली बताई जा रही हैं।
पूछताछ में महिला ने बताया कि उनके नाती बंटी और गुड्डू उन्हें बस में बैठाकर चले गए। उन्होंने अपने दामाद का नाम महेंद्र बताया, जो दिल्ली में रहते हैं। हालांकि उम्र और परेशानी के चलते वह अपना पता और अन्य जानकारियां स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही हैं।
एसएसआई के निर्देश पर महिला कांस्टेबल पायल बुजुर्ग महिला से बातचीत कर उनके परिजनों और घर का सही पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस महिला को ट्रांजिट कैंप थाने ले जाकर परिजनों की तलाश करेगी। जरूरत पड़ने पर बस और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी।
पुलिस ने अपील की है कि महिला को पहचानने वाला व्यक्ति या उनके परिजन तत्काल रुद्रपुर पुलिस से संपर्क करें, ताकि बुजुर्ग महिला को सुरक्षित उनके अपनों तक पहुंचाया जा सके।
