झूठे शपथ पत्र से चुनाव जीतने का आरोप, जिला पंचायत सदस्य की सदस्यता पर संकट के बादल; एडीएम ने जांच के आदेश दिए, एसडीएम और डीपीआरओ से मांगी कार्रवाई रिपोर्ट

Share the news

झूठे शपथ पत्र से चुनाव जीतने की शिकायत, जिला पंचायत सदस्य की सदस्यता पर उठे सवाल

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर की जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ झूठा शपथ पत्र प्रस्तुत कर चुनाव जीतने के आरोपों की जांच तेज हो गई है। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने शिकायत को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मामला जिला पंचायत सदस्य वार्ड संख्या-17 भंगा से निर्वाचित सदस्य रेनू गंगवार से जुड़ा है। इस संबंध में रुद्रपुर निवासी राजेश सिंह भदईपुरा द्वारा 27 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में छह बिंदुओं पर जांच कर सदस्यता समाप्त करने सहित विधिक कार्रवाई की मांग की गई है।

चार जुलाई को जारी पत्र के अनुसार शिकायत के बिंदु संख्या-2, 5 और 6 सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे से संबंधित हैं, जिनकी जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए उप जिलाधिकारी, किच्छा को निर्देशित किया गया है। वहीं बिंदु संख्या-3 और 4 में झूठा शपथ पत्र प्रस्तुत कर चुनाव लड़ने और निर्वाचित होने के आरोप लगाए गए हैं। इन बिंदुओं पर कार्रवाई के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी, ऊधमसिंह नगर को पत्र भेजा गया है।

अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत के प्रत्येक बिंदु पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और शिकायतकर्ता को भी कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। इस पत्र के बाद जिला पंचायत सदस्य की सदस्यता और चुनाव प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *