उत्तराखंड एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए काशीपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक पकड़े गए आरोपियों की संख्या 13 हो गई है। एसटीएफ के अनुसार आरोपी ने एक ही फर्जी शस्त्र लाइसेंस नंबर पर तैयार किए गए दो कूटरचित लाइसेंस के आधार पर दो अलग-अलग हथियार खरीदे थे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान काशीपुर क्षेत्र के ग्राम कचनालगाजी निवासी 46 वर्षीय पलविंदर सिंह के रूप में हुई है। एसटीएफ की टीम ने उसके कब्जे से .30 बोर की एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, .315 बोर की एक राइफल तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जांच में बरामद शस्त्रों के साथ फर्जी लाइसेंस भी मिले हैं।
एसटीएफ के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों ने इस पूरे नेटवर्क की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। अब तक की कार्रवाई में 13 अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ 19 अवैध शस्त्र, 358 कारतूस तथा बड़ी संख्या में फर्जी एवं संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।
एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस रखने वालों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे स्वयं अपने शस्त्र और लाइसेंस के साथ आत्मसमर्पण करें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई निरीक्षक अरुण कुमार और निरीक्षक एम.पी. सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ टीम ने की।




