लग्जरी रिसॉर्ट में जिस्मफरोशी का बड़ा भंडाफोड़, पुलिस के छापे से मचा हड़कंप, 52 लोग हिरासत में, 10 युवतियां रेस्क्यू, मैनेजर-स्टाफ फरार

Share the news

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर स्थित एक्रोन रिसॉर्ट में पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार के आरोप में 52 लोगों को हिरासत में लिया और 10 युवतियों को रेस्क्यू किया। इस कार्रवाई के बाद पर्यटन नगरी में हड़कंप मच गया। रेस्क्यू की गई युवतियां नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की बताई जा रही हैं। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री, नकदी और अवैध शराब भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार लंबे समय से रिसॉर्ट में अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर एसएसपी के निर्देशन में एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। उस समय रिसॉर्ट में पार्टी चल रही थी। तलाशी के दौरान अलग-अलग कमरों से कई संदिग्ध लोग मिले, जिन्हें पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया।

छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर और कुछ कर्मचारी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में बिना लाइसेंस बार संचालन और देह व्यापार में रिसॉर्ट प्रबंधन व स्टाफ की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस का कहना है कि रेस्क्यू की गई युवतियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *