शादी के सातवें दिन उजड़ गया सुहाग, संदिग्ध हालात में युवक की मौत से गांव में मातम, सिडकुल की फैक्ट्री में करता था नौकरी, सुबह ड्यूटी पर जाने से पहले कमरे में अचेत मिला

Share the news

शक्तिफार्म। क्षेत्र के पहाड़ी बसगर गांव में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। शादी के महज सात दिन बाद 37 वर्षीय मुकेश क्वाराली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह ड्यूटी पर जाने से पहले वह अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिले। काफी प्रयास के बाद भी जब उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो स्वजन ने उन्हें मृत पाया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार पहाड़ी बसगर निवासी मुकेश क्वाराली पुत्र स्वर्गीय जीवन सिंह सितारगंज स्थित सिडकुल की एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत थे। शुक्रवार सुबह वह रोज की तरह ड्यूटी पर जाने वाले थे, लेकिन काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आए। इस पर परिजन उन्हें बुलाने पहुंचे तो वह बिस्तर पर अचेत पड़े मिले। स्वजन ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन कोई हरकत नहीं हुई। इसके बाद उनकी मृत्यु की पुष्टि हुई। मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

सबसे मार्मिक पहलू यह है कि मुकेश का विवाह गत 25 जून को रामनगर निवासी रुचि के साथ पूरे रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ था। शादी की खुशियां अभी घर से गई भी नहीं थीं कि सात दिन के भीतर ही दूल्हे की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। नई नवेली दुल्हन रुचि का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों और रिश्तेदारों के लिए उसे संभालना मुश्किल हो रहा है।

मुकेश अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि परिवार में दो बहनें हैं। बेटे की असमय मौत से मां और अन्य स्वजन गहरे सदमे में हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद गांव के बड़ी संख्या में लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *