रुद्रपुर। सिंह कॉलोनी की चर्च रोड पर कार के नीचे मिली नवजात बच्ची की तीन दिन बाद मौत हो गई। मामले में पुलिस ने बच्ची की मां, नानी और एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों बच्ची को चर्च के पास छोड़कर चले गए थे। सोमवार को पूछताछ के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्तूबर को सेंट जॉन चर्च के पास खड़ी कार के नीचे कपड़े में लिपटी नवजात बच्ची मिली थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया था। उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि बच्ची का जन्म 16 अक्तूबर की रात बिलासपुर के एक अस्पताल में हुआ था। 17 अक्तूबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी उसे घर ले जाने के बजाय चर्च के पास ले गए। पुलिस के अनुसार, वहां भीड़ देखकर वे बच्ची को कार के नीचे छोड़कर चले गए। दोनों महिलाएं युवक की मोटरसाइकिल से वहां पहुंची थीं।
पुलिस ने ट्रांजिट कैंप के आजादनगर निवासी 23 वर्षीय मां और 45 वर्षीय नानी तथा उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के भगवंतापुर निवासी, वर्तमान में आजादनगर में रह रहे 30 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में बीएनएस की धारा 91 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
