जेल से छूटते ही फिर बना गोकशी गैंग का हिस्सा, पुलिस पर बरसाईं गोलियां, मुठभेड़ में पैर में गोली लगते ही दबोचा गया मोइन

Share the news

रुद्रपुर। गदरपुर क्षेत्र में गोकशी और पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त को एसओजी और गदरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

 

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि मुरादाबाद निवासी मोइन कुरैशी अपने साथी के साथ बाजपुर की ओर गोमांस की तस्करी के लिए आने वाला है। सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग-74 स्थित कनौरा तिराहे पर चेकिंग शुरू की गई। पुलिस को देखकर संदिग्ध बाइक सवार भाग निकले। पीछा करने पर उनकी बाइक आम के बाग के पास अनियंत्रित होकर गिर गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मोइन के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस ने मोइन के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, करीब 17 किलो गोमांस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, नकदी, मोबाइल फोन और दस्तावेज बरामद किए हैं। पशु चिकित्सक ने बरामद मांस के गोमांस होने की पुष्टि की है।

पूछताछ में आरोपी ने उत्तराखंड और मुरादाबाद क्षेत्र में गोकशी और तस्करी से जुड़े होने की बात स्वीकार की है। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि वह एक माह पहले ही हल्द्वानी जेल से रिहा हुआ था। उसके खिलाफ बाजपुर थाने में शस्त्र अधिनियम और उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *