रात के अंधेरे में काल बनकर फटा कार का टायर, खड़े ट्रक से भीषण टक्कर में टूर एंड ट्रेवल कारोबारी मोहित शर्मा की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Share the news

रुद्रपुर से देर रात घर लौट रहे टूर एंड ट्रेवल कारोबारी की कार का अगला टायर अचानक फटने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ा। हादसा इतना भीषण था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

वार्ड नंबर-2, आजाद नगर निवासी 35 वर्षीय मोहित शर्मा पुत्र केशव शर्मा मंगलवार रात करीब 11:30 बजे रुद्रपुर से अपने घर किच्छा लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने पहुंची, कार का अगला टायर अचानक फट गया। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मोहित शर्मा उसमें गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस कर्मियों ने घायल मोहित को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मोहित शर्मा किच्छा में टूर एंड ट्रेवल का व्यवसाय करते थे और अपने मिलनसार व्यवहार के कारण क्षेत्र में अच्छी पहचान रखते थे। उनके परिवार में पत्नी नैना शर्मा, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बड़ी संख्या में रिश्तेदार, परिचित और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए।

सूचना पर बिगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिग्वाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण कार का अगला टायर फटना प्रतीत हो रहा है। हालांकि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ले गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वाहनों की नियमित तकनीकी जांच और सड़क सुरक्षा के प्रति अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *