कपिल सुसाइड केस में बड़ा खुलासा: पत्नी समेत चार पर मुकदमा दर्ज, भाई ने लगाए मानसिक प्रताड़ना और कथित अवैध संबंधों के आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

Share the news

रुद्रपुर। शहर के चर्चित कपिल उर्फ शेरू आत्महत्या प्रकरण में नया मोड़ सामने आया है। मृतक के छोटे भाई की शिकायत पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और मानसिक प्रताड़ना के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पत्नी और उसके परिजनों द्वारा लंबे समय से किए जा रहे मानसिक उत्पीड़न के कारण कपिल ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

जानकारी के अनुसार, कपिल उर्फ शेरू ने 10 मई 2026 की शाम करीब सात बजे आत्महत्या कर ली थी। उसके छोटे भाई तरुण ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि कपिल का प्रेम विवाह 10 सितंबर 2021 को आनंद विहार निवासी निशा से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही निशा और उसके परिजन कपिल को कामकाज सहित विभिन्न बातों को लेकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे, जिससे वह गहरे तनाव में रहने लगा था।

शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि आत्महत्या से करीब एक घंटे पहले कपिल ने अपने भाई तरुण और बहन कोमल को बताया था कि उसकी पत्नी के रमन कक्कड़ नामक व्यक्ति से कथित अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और कपिल मानसिक रूप से बेहद परेशान था।

तरुण ने अपनी शिकायत में पत्नी निशा, उसके पिता नरेंद्र ग्रोवर, माता रेखा और रमन कक्कड़ पर मानसिक उत्पीड़न, अपमानित करने, धमकाने तथा वैवाहिक जीवन को असहनीय बनाने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इन्हीं परिस्थितियों से परेशान होकर कपिल ने आत्महत्या की।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि अंतिम संस्कार और धार्मिक क्रियाओं में व्यस्त रहने के कारण तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई जा सकी। बाद में कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर एसएसपी से निष्पक्ष जांच और मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई थी। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नोट: यह मामला शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की सत्यता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *