कई दिनों से मानसिक अवसाद में था मजदूर, फंदे से लटका मिला शव

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के रविंद्रनगर में एक मजदूर ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से युवक को फंदे से नीचे उतारा और 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को डीसीआर के माध्यम से थाना हाजा को सूचना मिली थी कि रविंद्रनगर निवासी उत्तम कुमार ने घर में फंदा लगा लिया है और उसकी सांस चल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां उत्तम पुत्र स्व. रामकिशोर फंदे पर लटका मिला। परिजनों और पड़ोसियों की मदद से दरवाजे की कुंडी तोड़कर उसे नीचे उतारा गया। इसके बाद तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

परिजनों के मुताबिक उत्तम दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह पिछले कई दिनों से मानसिक अवसाद से जूझ रहा था। इसी वजह से वह काफी परेशान भी रहता था। हालांकि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। घटना के समय उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

 

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मौके पर घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *