**रंजिश में चली गोलियों का हिसाब, गदरपुर फायरिंग कांड के चार आरोपी हथियारों समेत गिरफ्तार

रुद्रपुर/गदरपुर। गदरपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग के मामले में उधम सिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध .32 बोर पिस्टल, 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो स्कॉर्पियो वाहन और अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को सरदार नगर अंडरपास कट के पास पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपियों ने सहजपाल सिंह और उसके साथियों पर जानलेवा फायरिंग कर दी, जिसमें गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लगी थी, जबकि दो अन्य लोग मारपीट में घायल हुए थे। मामले में गदरपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर छह नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हरिपुरा जलाशय के पास से राजवीर सिंह विर्क, आकाशदीप सिंह, प्रशांत सिंह उर्फ मनी और सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों पर शस्त्र अधिनियम सहित अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है।