कांवड़ियों के भेष में पांच दिन रेकी, भीड़ में महिला की चेन झपटी

Share the news

कनखल पुलिस ने चेन स्नेचिंग गिरोह के दो आरोपियों को दबोचा, लूटी गई सोने की चेन बरामद

हरिद्वार। कांवड़ मेले की भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को कनखल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी कांवड़ियों के भेष में हरिद्वार पहुंचे थे और करीब पांच से छह दिन तक अलग-अलग स्थानों की रेकी करने के बाद बैरागी कैंप में महिला को अकेला पाकर उसके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चेन बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों में भूदेव निवासी बड़ौत, उत्तर प्रदेश और करण निवासी भजनपुरा, नई दिल्ली शामिल हैं।

 

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि 15 अगस्त को बैरागी कैंप में बाइक सवार दो युवकों ने महिला के गले से चेन झपटी थी। मामले में 21 अगस्त को जगजीतपुर निवासी कुश शर्मा की शिकायत पर कनखल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपियों की तलाश में मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।

 

रविवार 23 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जियापोता के पास से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी में उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद हुई।

 

पुलिस के अनुसार, भूदेव पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का है और उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास, लूट, चेन स्नेचिंग और आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने दिल्ली निवासी करण को साथ लेकर चेन स्नेचिंग की योजना बनाई। दोनों ने हरिद्वार से मुजफ्फरनगर तक रेकी की और कांवड़ मेले की भीड़ को वारदात के लिए मुफीद समझा।

 

पुलिस दोनों आरोपियों का अन्य आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *