27 लाख का माल, फैक्ट्री में सन्नाटा; भुगतान लेने पहुंचा कारोबारी तो खाली मिला गोदाम, जानिए क्या है पूरा मामला 

रुद्रपुर। सिडकुल में कारोबारियों के बीच लेन-देन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। करीब 27 लाख रुपये का माल फैक्ट्री में पहुंचाने के बाद भुगतान लेने पहुंचे कारोबारी को न संचालक मिला और न ही उसका माल। गोदाम भी खाली मिला। मोबाइल बंद मिलने के बाद कारोबारी ने फैक्ट्री संचालक, उसके पिता और महिला कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। पंतनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

धरमपुर निवासी विकास राजपूत ने तहरीर में बताया कि पंतनगर सिडकुल में उनका गियर मास्टर नाम से प्लांट है। वह सिग्नेट कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप के साथ पैकेजिंग का काम करते हैं। 10 अगस्त को रुद्रपुर-किच्छा बाईपास स्थित औद्योगिक क्षेत्र में रावत ओवरसीज के संचालक प्रशांत रावत, उनके पिता विजेंद्र सिंह और कर्मचारी मनप्रीत कौर से उनकी मुलाकात हुई थी।

 

तहरीर के मुताबिक फैक्ट्री संचालक ने करीब 27 लाख रुपये का खरीद आदेश दिया। इसके बाद अगस्त में करीब 16 लाख रुपये का माल भेजा गया। शेष माल भी दो सितंबर को पहुंचा दिया गया। कारोबारी का कहना है कि पूरे माल के जीएसटी बिल भी उपलब्ध कराए गए थे।

 

भुगतान के लिए उन्हें तीन सितंबर को फैक्ट्री बुलाया गया था। तय समय पर पहुंचने पर फैक्ट्री में कोई नहीं मिला। गोदाम देखा तो वह खाली था। कारोबारी के मुताबिक दो दिन पहले तक वहां माल मौजूद था। संचालक समेत तीनों से संपर्क किया गया, लेकिन सभी के फोन बंद मिले।

 

मौके पर तीन अन्य लोग भी मिले, जिन्होंने संचालक से भुगतान लेने की बात बताई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Advertisement