रेलवे ट्रैक पर नशे में सोया मजदूर, गुजरती ट्रेन ने काटा हाथ, गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर, एंबुलेंस और विशेषज्ञ डॉक्टर की कमी पर उठे सवाल

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता। शहर की मलिक कॉलोनी में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। शराब के नशे में रेलवे ट्रैक पर सोए एक मजदूर का हाथ गुजरती ट्रेन की चपेट में आकर कट गया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

 

घायल की पहचान 64 वर्षीय नंदा दास पुत्र हीरू दास के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के दीनबंधु नगर रोड, बोनगांव का रहने वाला है और वर्तमान में रुद्रपुर स्थित त्रिमूर्ति प्लाइवुड फैक्ट्री में ठेकेदार के अधीन मजदूरी का कार्य करता है।

 

जानकारी के अनुसार नंदा दास शराब पीने का आदी है। रविवार रात वह नशे की हालत में रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गया और वहीं पटरी पर सो गया। इसी दौरान उसका एक हाथ रेलवे लाइन पर आ गया। कुछ समय बाद वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से उसका हाथ बुरी तरह कट गया।

 

घायल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय पार्षद पति सचिन मुंज्याल समेत कई लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

 

सामाजिक कार्यकर्ता सुशील गाबा ने बताया कि जिला अस्पताल में उस समय ऑर्थो सर्जन उपलब्ध नहीं था, जिसके चलते घायल को प्राथमिक उपचार के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर करना पड़ा। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस दिनेशपुर से पहुंची, जिसे आने में करीब आधा घंटा लग गया। इस दौरान घायल का काफी खून बह चुका था।

 

सुशील गाबा ने स्वास्थ्य सेवाओं की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि गंभीर मामलों में विशेषज्ञ डॉक्टरों और एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग भी उठाई।

 

घायल की मदद करने वालों में आमिर खान, हैप्पी रंधावा, पुलिस कर्मी और अन्य स्थानीय लोग शामिल रहे। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *