अब रुद्रपुर में ही बनेगा सफलता का अड्डा, युवाओं को मिलेगी हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी; बुक बैंक, कंप्यूटर लैब, हाई-स्पीड इंटरनेट और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की होगी आधुनिक सुविधा

Share the news

महापौर और सीडीओ ने पुरानी तहसील भवन का किया निरीक्षण, जल्द तैयार होगी डीपीआर

रुद्रपुर। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। शहर में जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। नगर निगम और जिला प्रशासन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को महापौर विकास शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने पुरानी तहसील भवन का निरीक्षण कर प्रस्तावित लाइब्रेरी की रूपरेखा पर अधिकारियों के साथ चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान भवन की स्थिति, उपलब्ध स्थान और आवश्यक संसाधनों का आकलन किया गया। अधिकारियों ने लाइब्रेरी को आधुनिक स्वरूप देने के लिए भवन में आवश्यक बदलाव और सुविधाएं विकसित करने की योजना पर मंथन किया। महापौर विकास शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में युवाओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में यह अहम कदम है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से भवन उपलब्ध कराने की सहमति मिल चुकी है और जल्द ही विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समृद्ध बुक बैंक, कंप्यूटर लैब, हाई-स्पीड इंटरनेट, ई-लर्निंग सुविधाएं, वातानुकूलित अध्ययन कक्ष और डिजिटल स्टडी मैटेरियल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही सिविल सेवा, बैंकिंग, एसएससी और राज्य स्तरीय परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा करियर काउंसलिंग भी आयोजित की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने कहा कि शासन की मंशा प्रत्येक विकासखंड में आधुनिक लाइब्रेरी विकसित करने की है। रुद्रपुर की डिजिटल लाइब्रेरी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी, जिससे हजारों विद्यार्थियों को शहर में ही गुणवत्तापूर्ण अध्ययन का बेहतर विकल्प मिलेगा।

इनसेट

पढ़ाई के साथ करियर गाइडेंस भी

डिजिटल लाइब्रेरी केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेगी। यहां समय-समय पर विशेषज्ञों द्वारा करियर काउंसलिंग, स्किल डेवलपमेंट और प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि युवाओं को रोजगार और उच्च शिक्षा के लिए बेहतर मार्गदर्शन मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *