सिडकुल में आठ करोड़ की संपत्ति पर घमासान, पांच करोड़ की मशीनें और तीन करोड़ का माल गायब करने का आरोप

रुद्रपुर। सिडकुल की एक औद्योगिक इकाई में करोड़ों रुपये की मशीनों और कच्चे-तैयार माल को लेकर विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। दिल्ली की एनक्लोजर सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड के स्वामी ने करीब पांच करोड़ रुपये की मशीनें और तीन करोड़ रुपये का कच्चा-तैयार माल गायब करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट की शरण ली गई। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

शिकायती पत्र में कंपनी स्वामी प्रवीन कोहली ने बताया कि उन्होंने 15 जुलाई 2017 को पंतनगर स्थित प्रसिजन इंडस्ट्री के प्लाट संख्या 33 पर अमित राजपूत की खाली पड़ी फर्म पांच साल के लिए प्रतिमाह 1.60 लाख रुपये किराये पर ली थी। पांच लाख रुपये सिक्योरिटी भी जमा की गई थी।

 

आरोप है कि किराये की जगह को कारोबार के अनुरूप विकसित कराने में करोड़ों रुपये खर्च किए गए। करीब 1411 वर्गमीटर में टीन शेड और फर्श का निर्माण कराया गया तथा लगभग पांच करोड़ रुपये की मशीनें स्थापित कर उत्पादन शुरू किया गया।

 

शिकायत के मुताबिक कोविड काल में कारोबार प्रभावित होने से किराया समय पर नहीं दिया जा सका। इसके बाद अमित राजपूत ने फर्म, मशीनों, कच्चे और तैयार माल तथा टीन शेड पर कब्जा कर लिया।

 

मामले को लेकर पंचायत भी हुई। आरोप है कि अमित राजपूत ने वाट्सएप पर मशीनों के बदले 4.50 करोड़ रुपये देने की बात स्वीकार की थी। बाद में अमित राजपूत और सांई इंडस्ट्री के स्वामी आविकेत विठ्ठल बाघ पर मशीनों व करीब तीन करोड़ रुपये के माल को गायब करने का आरोप लगाया गया।

 

प्रवीन कोहली ने एक जून 2026 को सिडकुल पहुंचने पर कार सवार लोगों द्वारा पीछा किए जाने का आरोप भी लगाया है। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

Advertisement