पंतनगर। हल्दी-छतरपुर रेलवे ट्रैक पर मंगलवार रात बाघ एक्सप्रेस की चपेट में आकर एक नर हाथी की मौत हो गई। हादसा रात करीब 11:30 बजे रेलवे ट्रैक के पिलर संख्या 55/8 के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी का एक दांत टूटकर दूर जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और रेलवे की टीम मौके पर पहुंच गईं।
जानकारी के अनुसार, लालकुआं से रुद्रपुर की ओर जा रही बाघ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में हाथी आ गया। हादसा तराई केंद्रीय वन प्रभाग की रुद्रपुर रेंज में हुआ। घटना के बाद रेलवे और वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हाथी का टूटा दांत रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से अपने कब्जे में ले लिया है। बुधवार को औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद इसे वन विभाग को सौंपा जाएगा।
वन विभाग के अनुसार, मृत हाथी के शव का बुधवार सुबह 11 बजे विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार शव का निस्तारण किया जाएगा। वहीं, हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि हादसे के समय ट्रेन निर्धारित गति सीमा के भीतर चल रही थी या नहीं। जांच के बाद ही दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
