बनबसा से पकड़ा, छात्राओं की निजी जानकारी साझा करने का भी आरोप
रुद्रपुर। दिनेशपुर क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान की छह छात्राओं से छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था, जिसे पुलिस ने बनबसा से दबोच लिया। दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्तूबर को मामला सामने आने के बाद एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर दिनेशपुर थाना पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी मो. बिलाल ने संस्थान की छह छात्राओं के नाम, पते, मोबाइल नंबर और फोटो अपने साथी अनस के साथ साझा किए थे। आरोप है कि इसके बाद छात्राओं को अश्लील टिप्पणियों, गाली-गलौज, छेड़छाड़ और तेजाब फेंकने व गला काटने जैसी गंभीर धमकियों का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। डिजिटल साक्ष्यों की जांच के साथ यह पता लगाया जा रहा है कि छात्राओं की निजी जानकारी कैसे जुटाई गई और मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
छह छात्राओं की निजी जानकारी साझा कर रची गई साजिश, अश्लील टिप्पणी और तेजाब फेंकने की धमकी से मचा हड़कंप, नेपाल भागने से पहले बनबसा में दबोचा गया मुख्य आरोपी
