10 सीट की वैन में ठूंस दिए 22 मासूम बच्चे, फायर एक्सटिंग्विशर पर रिफिलिंग डेट नहीं, फर्स्ट एड बॉक्स भी गायब

रुद्रपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। शनिवार को यातायात पुलिस की चेकिंग में यूके कान्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की 10 सीटर वैन में चालक समेत 23 लोग सवार मिले। इनमें 22 छात्र-छात्राएं थे। क्षमता से दोगुने से भी अधिक बच्चों को एक ही वैन में बैठाकर ले जाया जा रहा था। जांच में सुरक्षा इंतजामों में भी गंभीर खामियां मिलीं।

 

टीआई शिवराज सिंह बिष्ट और एएसआई रंजीत सिंह बिष्ट के नेतृत्व में यातायात पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान स्कूल की वैन को रोककर जांच की गई। वैन की निर्धारित क्षमता महज 10 बच्चों की थी, जबकि उसमें 22 बच्चे सवार मिले। पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल प्रशासन से तत्काल दूसरा वाहन उपलब्ध कराने को कहा। दूसरा वाहन पहुंचने के बाद अतिरिक्त बच्चों को उसमें बैठाकर रवाना किया गया।

 

जांच में वैन में फायर एक्सटिंग्विशर पर रिफिलिंग डेट का स्टीकर नहीं मिला, जबकि फर्स्ट एड बॉक्स भी मौजूद नहीं था। चालक के चप्पल पहनकर वाहन चलाने की बात भी सामने आई। यातायात पुलिस ने वैन का मोटर वाहन अधिनियम के तहत 5400 रुपये का चालान किया। साथ ही स्कूल प्रशासन को नियमों का पालन सुनिश्चित करने की चेतावनी दी।

 

एआरटीओ प्रवर्तन नवीन कुमार सिंह ने कहा कि मानक से अधिक सवारियां बैठाने वाले वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। 10 सीटर वैन में 22 बच्चों को ले जाना गंभीर मामला है। मंगलवार से जिलेभर में स्कूली वैन और बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

Advertisement