रुद्रपुर। करीब एक माह से लापता चल रहे युवक का शव रविवार को ट्रांजिट कैंप की नारायण कॉलोनी स्थित किराये के कमरे में मिलने से हड़कंप मच गया। युवक की पहचान दिनेशपुर थाना क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय देवव्रत मंडल पुत्र रंजीत मंडल के रूप में हुई। संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार नारायण कॉलोनी निवासी रतन किशोर वर्मा ने रविवार को कोतवाली में सूचना दी कि देवव्रत 26 अगस्त से उनके मकान में किराये पर रह रहा था। रविवार सुबह से वह कमरे से बाहर नहीं निकला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। इसके बाद खिड़की की जाली तोड़कर पुलिसकर्मी अंदर दाखिल हुए तो देवव्रत मृत अवस्था में पड़ा मिला। उसके मुंह से लार निकली थी और शरीर अकड़ा हुआ था।
परिजनों के मुताबिक देवव्रत के लापता होने पर छह अगस्त को दिनेशपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। बाद में उन्हें जानकारी मिली थी कि देवव्रत ने किसी एटीएम से रुपये निकाले हैं। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
बताया गया कि देवव्रत सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था और करीब तीन माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। पुलिस ने दिनेशपुर थाना पुलिस के माध्यम से स्वजन को सूचना दी। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

