बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक सड़क पर गिरा, दूर तक घसीटता ले गया चालक

गंभीर घायल हरपिंदर के सिर और सीने का हुआ ऑपरेशन, हादसे के बाद चालक फरार

रुद्रपुर। रुद्रपुर-सिडकुल रिंग रोड पर तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा युवक सड़क पर जा गिरा, जबकि बोलेरो उसे कुछ दूर तक घसीटती ले गई। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल से बरेली रेफर किया गया, जहां उसके सिर और सीने का ऑपरेशन किया गया है। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत फरार हो गया।

 

ग्राम रायपुर निवासी छिंदर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच सितंबर को वह अपने चचेरे भाई हरपिंदर सिंह के साथ बाइक से रुद्रपुर से सिडकुल होते हुए रिंग रोड के रास्ते घर लौट रहे थे। इसी दौरान भगवानपुर की ओर से आ रही महिंद्रा बोलेरो संख्या यूके-06-एडी-5687 ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।

 

टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे बैठा हरपिंदर सड़क पर छिटककर गिर गया। आरोप है कि बोलेरो चालक ने वाहन नहीं रोका और हरपिंदर को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक बोलेरो लेकर मौके से फरार हो गया।

 

परिजन घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया। इसके बाद हरपिंदर को राममूर्ति अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसके सिर और सीने का ऑपरेशन किया। छिंदर सिंह ने पुलिस से आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Advertisement