रुद्रपुर। एसबीएस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव का रोमांच अब चरम की ओर बढ़ने लगा है। नामांकन फार्मों की बिक्री पूरी होते ही महाविद्यालय परिसर में चुनावी हलचल तेज हो गई है। 11 पदों के लिए 62 प्रत्याशियों ने कुल 115 नामांकन फार्म खरीदे हैं। शुक्रवार को नामांकन के साथ ही दावेदार औपचारिक रूप से चुनावी समर में उतरेंगे।
नामांकन फार्मों की बिक्री में अध्यक्ष पद सबसे आगे रहा। आठ प्रत्याशियों ने अध्यक्ष पद के लिए 20 फार्म खरीदे हैं। इसके बाद कला संकाय प्रतिनिधि पद पर 16 दावेदारों ने 20 फार्म लिए। सचिव पद के लिए सात प्रत्याशियों ने 15, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए छह ने 12 और उपाध्यक्ष छात्रा पद के लिए चार प्रत्याशियों ने नौ फार्म खरीदे हैं।
उपाध्यक्ष छात्र पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने आठ, संयुक्त सचिव के लिए चार ने नौ, कोषाध्यक्ष के लिए दो ने चार और सांस्कृतिक सचिव के लिए तीन प्रत्याशियों ने पांच फार्म खरीदे। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि के लिए पांच प्रत्याशियों ने छह और वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के लिए चार प्रत्याशियों ने सात फार्म लिए हैं।
फार्मों की बिक्री के साथ ही प्रत्याशी और समर्थक परिसर में सक्रिय हो गए हैं। पंपलेट और जनसंपर्क के जरिए छात्र-छात्राओं को अपने पक्ष में लामबंद करने की कवायद शुरू हो गई है। शुक्रवार को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन होगा। 26 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी होगी। 28 सितंबर को प्रचार थम जाएगा, जबकि 29 सितंबर को मतदान के बाद मतगणना और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
